हिसारः राष्ट्रीय राजमार्ग 52 (NH-52) स्थित तलवंडी राणा के पास इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप से स्विफ्ट कार सवार बिना पैसे दिए पेट्रोल भरवाकर फरार हो गया। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। दरअसल, मैसर्स शांति फ्यूल्स (इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप) पर एक सफेद रंग की ब्लैक फिल्म मारुति स्विफ्ट कार आकर रुकी। कार चालक ने सेल्समैन से ₹2,550 का पेट्रोल डालने को कहा। जैसे ही सेल्समैन ने टैंक में पेट्रोल भरकर पैसे मांगे, कार ड्राइवर ने अचानक गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और मौके से तेजी से भाग निकला। इस दौरान पंप पर मौजूद सेल्समैन ने तत्परता दिखाते हुए गाड़ी को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक की लापरवाही के बावजूद सेल्समैन को कोई चोट नहीं आई और वह सुरक्षित रहा।
घटना की शिकायत पुलिस को दे दी गई है। वहीं सीसीटीवी में देखने से पता चला कि कार बिना नंबर की थी। सेल्समैन ने तेल डालने से पहले इस चीज को नोट नहीं किया। कार ड्राइवर ने शीशे पूरी तरह बंद किए हुए थे। कार ड्राइवर ने सेल्समैन को टंकी फुल करने को कहा था। घटना के तुरंत बाद पेट्रोल पंप के प्रोपराइटर अभिजीत ने सदर थाना, हिसार के थाना प्रभारी को लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में पुलिस से मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अज्ञात कार चालक के खिलाफ कानूनी कदम उठाने की मांग की गई है।