पंचकूलाः पिंजौर-नालागढ़ रोड पर हुडा सेक्टर के समीप सवारियों से भरा एक ऑटो के अनियंत्रित होकर पलट जाने का मामला प्रकाश में आया है। वहीं इस हादसे में ऑटो में सवार करीब पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को एम्बुलेंस की सहायता से उपचार के लिए पिंजौर अर्बन पॉलीक्लिनिक सेंटर पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ऑटो खेड़ावाली से सवारियां लेकर सूरजपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान हुडा सेक्टर के समीप अचानक ऑटो का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकराकर पलट गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों की मदद करते हुए स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। पिंजौर अर्बन पॉलीक्लिनिक सेंटर के डॉक्टर राजीव भारद्वाज ने बताया कि सूचना मिलते ही तत्काल एंबुलेंस मौके पर भेजी गई और सभी घायलों को अस्पताल लाया गया।
उन्होंने बताया कि अधिकांश सवारियों को मामूली चोटें आई थीं, जिनका अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया। हादसे में एक चार वर्षीय बच्ची खुशी को चोट लगने के कारण दो टांके लगाए गए। वहीं ऑटो चालक सतबीर व एक अन्य घायल की स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल, पंचकूला रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।