अमृतसरः खालसा साजना दिवस और बैसाखी के शुभ अवसर पर सचखंड श्री हरमंदिर साहिब, अमृतसर में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। इस ऐतिहासिक दिन को समर्पित करते हुए श्री हरमंदिर साहिब में विशेष गुरमत समागम होंगे। इस अवसर पर सचखंड श्री हरमंदिर साहिब के मैनेजर भगवंत सिंह ढंगेड़ा ने श्रद्धालुओं के साथ जानकारी साझा की और इस महान दिन पर समस्त श्रद्धालुओं को अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि खालसा साजना दिवस के अवसर पर श्री अकाल तख्त साहिब में विशेष अमृत संचार का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि अधिक से अधिक लोग अमृत छकें, ‘गुरु वाले’ बनें, खालसा पंथ का अभिन्न अंग बनें और सिख स्वरूप को पूर्ण रूप से धारण करें।
उन्होंने कहा कि कल पूरे दिन जहां गुरमत समारोहों की श्रृंखला चलेगी, वहीं शाम के समय विशेष उत्सवों का आयोजन होगा। मैनेजर ने बताया कि शाम को श्री रहरास साहिब के पाठ की समाप्ति के बाद, सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में भव्य दीपमाला की जाएगी। इसके साथ ही, आसमान में अद्भुत आतिशबाजी का प्रदर्शन भी किया जाएगा, जो इस दिन की खुशी में चार चांद लगा देगा।
