अमृतसरः नशे के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत पुलिस ने भारी मात्रा में हेरोइन सहित आरोपी को गिरफ्तार किया है। दरअसल, काउंटर इंटेलिजेंस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में खेप बरामद की है। टीम ने अमृतसर-जालंधर हाईवे पर अड्डा मानावाला के पास से आरोपी को गिरफ्तार करके उसके कब्जे से 6 किलो हेरोइन बरामद की है। बरामद की गई हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 42 करोड़ रुपए बताई जा रही है।

शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी दुबई, यूएई में बैठे एक हैंडलर, सुल्तानविंड निवासी अंतरप्रीत सिंह के इशारे पर काम कर रहा था। अंतरप्रीत सिंह नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल है और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत एक एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। अधिकारियों ने यह भी कहा कि पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस दिशा में आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
