अमृतसरः शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के अध्यक्ष सिमरनजीत सिंह मान ने केंद्र पर निशाने साधे। जहां उन्होंने केंद्र सरकार, भाजपा और विभिन्न राष्ट्रीय मुद्दों पर पार्टी का पक्ष रखा। मान ने आरोप लगाया कि विदेशों में सिख नेताओं से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जिन नामों की चर्चा हो रही है, उन्हें जांच के दायरे में लाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सिख समुदाय की अलग पहचान है और सरकार को सिखों की धार्मिक और सामाजिक भावनाओं का सम्मान करना चाहिए। मान ने कहा कि यदि देश में सभी को समान अधिकार हैं, तो सिखों की मांगों और अधिकारों को भी गंभीरता से सुना जाना चाहिए। प्रेस सम्मेलन के दौरान उन्होंने SGPC चुनावों का भी मुद्दा उठाया और कहा कि सिख संस्थाओं की लोकतांत्रिक प्रक्रिया को रोका नहीं जाना चाहिए। उन्होंने मांगा कि SGPC चुनाव जल्द कराए जाएं ताकि सिख समाज अपनी प्रतिनिधित्व खुद चुन सके। मान ने कहा कि पंजाब में हो रही कुछ घटनाओं को सिख जत्थेबंदियों से जोड़ना ठीक नहीं है और किसी भी मामले की पूरी जांच होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि उनके पार्टी शांति और कानूनी तरीके से अपने हक की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने आने वाले दिनों में अमृतसर में होने वाले धार्मिक और राजनीतिक कार्यक्रमों के बारे में भी जानकारी दी और कहा कि पार्टी सिख हकों के लिए अपनी आवाज़ उठाती रहेगी।
