औरैयाः औरैया जिले के बेला थाना क्षेत्र में कानपुर मार्ग स्थित बम्नौटी मोड़ के पास आज सुबह बच्चों से भरी सौरभ अकैडमी की स्कूल बस पलट गई। घटना के दौरान बस में 50 बच्चे सवार था। मिली जानकारी के अनुसार बच्चों को लेकर जा रही स्कूल बस का अचानक ब्रेक फेल हो गया और उसके कारण वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने बस में फंसे बच्चों को बाहर निकालने में मदद की और इसकी सूचना बेला पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सीओ बिधूना पी पुनीत मिश्रा व थाना प्रभारी अमर बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सभी बच्चों को बस से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
हादसे में करीब आधा दर्जन बच्चों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायल बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम कराई। हादसे के बाद मौके पर काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक अमर बहादुर सिंह ने बताया कि कोई बच्चा गंभीर घायल नहीं है।