अंडर-14 वर्ग में बना विजेता; तीन खिलाड़ी स्टेट लेवल के लिए चयनित
ऊना,सुशील पंडित: स्कॉलर्स यूनिफाइड सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ऊना के विद्यार्थियों ने खेल प्रतिभा, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन का शानदार परिचय देते हुए जिला स्तरीय अंडर-14 टेबल टेनिस प्रतियोगिता में विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। धमांदरी में आयोजित इस जिला स्तरीय टूर्नामेंट में विद्यालय की ओर से रिद्धि सैनी, रुपांशी, राघवी एवं कनिष्का ने पूरे आत्मविश्वास और जोश के साथ भाग लिया। खिलाड़ियों ने अपने बेहतरीन खेल कौशल, निरंतर प्रयास और शानदार तालमेल से प्रतियोगिता में प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में स्कॉलर्स यूनिफाइड ने प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, वहीं विद्यालय के तीन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ, जो विद्यालय के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। उनकी इस उपलब्धि ने विद्यालय के खेल जगत में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जोड़ दिया है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक धीरज शर्मा ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनकी उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण ने जिला स्तर पर विद्यालय को गौरव दिलाया है। उन्होंने विशेष रूप से विद्यालय के स्पोर्ट्स शिक्षकों संजू कुमारी, आंचल एवं रेणुका के समर्पित मार्गदर्शन और निरंतर प्रशिक्षण की सराहना करते हुए कहा कि प्रशिक्षकों के प्रयासों और खिलाड़ियों की लगन के समन्वय से यह शानदार सफलता मिली है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय में पढ़ाई के साथ खेलों को भी समान महत्व दिया जाता है और विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए निरंतर बेहतर अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्होंने राज्य स्तर के लिए चयनित सभी खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास जताया कि वे इसी मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते हुए विद्यालय का नाम नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएंगे। विद्यालय परिवार ने रिद्धि सैनी, रुपांशी, राघवी एवं कनिष्का की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी तथा राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।