चंडीगढ़ः सीबीआई द्वारा पंजाब विजिलेंस ब्यूरो के दफ्तर में हुई रेड को लेकर पंजाब विजिलेंस ब्यूरो के एक सरकारी प्रवक्ता ने जानकारी दी है। इस दौरान जानकारी देते हुए बताया कि सेंट्रल ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टीगेशन (CBI) द्वारा एक निजी व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है और इस संबंध में जांच जारी है।
प्रवक्ता ने कहा कि यदि इस जांच के दौरान विजिलेंस ब्यूरो के किसी भी अधिकारी या कर्मचारी का नाम सामने आता है, तो ब्यूरो की ओर से सीबीआई को पूरा सहयोग दिया जाएगा तथा कानूनी कार्रवाई में हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
आपको बताते चलें कि, सीबीआई ने रिश्वत के एक मामले में सोमवार देर रात कार्रवाई की और मंगलवार सुबह एक बार फिर पंजाब विजिलेंस चीफ के दफ्तर पहुंची। सीबीआई के अनुसार यह मामला पंजाब के एक स्टेट टैक्स अधिकारी की शिकायत के बाद दर्ज किया गया था। शिकायत में यह आरोप लगाया गया था कि विकास उर्फ विक्की गोयल और उसका बेटा राघव गोयल पंजाब विजिलेंस डिपार्टमेंट में लंबित शिकायत की फाइल बंद करवाने के बदले 20 लाख रुपये की रिश्वत मांग रहे थे। आरोपों के मुताबिक दोनों डीजी विजिलेंस कार्यालय में तैनात रीडर ओपी राणा के लिए बिचौलिए के तौर पर काम कर रहे थे। जिलके बाद ये कार्रवाई की गई है।
