लुधियानाः पंजाब सरकार द्वारा भले ही सड़क हादसों को रोकने के प्रयास किए जा रहे है। लेकिन दूसरी ओर सड़क हादसों में हो रही बढ़ोतरी थमने का नाम नहीं ले रही। आए दिन सड़क हादसों से लोगों की मौत हो रही है। वहीं देर रात चंडीगढ़ रोड स्थित सिद्धू ढाबा के पास सड़क हादसे का मामला सामने आया है। जहां अज्ञात तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार किशोर की मौत हो गई। जबकि अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। जिसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
घायल युवक की पहचान अंशु के रूप में हुई है। सड़क हादसे में अंशु के सिर में चोट लगी है। वहीं मृतक की पहचान कुलदीप निवासी जुगियाना के रूप में हुई है। कुलदीप अंशु के साथ कहां जा रहा था अभी कुछ पता नहीं चल पाया। अंशु के होश में आने के बाद ही पूरा मामला साफ हो पाएगा। अंशु बिहार के जिला बक्सर के गांव ननन का रहने वाला है। दो दिन पहले ही लुधियाना में रहने वाले अपने रिश्तेदार के पास आया है। अंशु के पारिवारिक सदस्यों को उसके रिश्तेदारों ने सूचित कर दिया है।
अंशु गोबिंदगढ़ स्थित अपने रिश्तेदार के पास घूमने के लिए दो दिन पहले ही आया था। वह किसी करीबी का बाइक लेकर निकला था। उसके साथ एक 14 वर्षीय किशोर कुलदीप था। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि किशोर की मौके पर ही दम तोड़ दिया। लोगों ने खून से लथपथ कुलदीप और अंशु को बेसुध हालत में सिविल अस्पताल पहुंचाया। बताया जाता है कि अंशु ने शराब पी हुई थी और बाइक का नियंत्रण खो बैठा। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है, जबकि कुलदीप का आज संस्कार करवा दिया जाएगा। थाना जमालपुर के अधीन आने वाली चौकी रामपुरा की पुलिस मामले की जांच कर रही है।
