लुधियानाः जिले में 3 साल पुराने कत्ल केस मामले में इंसाफ की मांग को लेकर निहंग सिंहों का डिप्टी कमिशनर (डीसी) दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया जा रहा है। इस दौरान इंसाफ की मांग को लेकर निहंग सिखों ने डीसी ऑफिस के बाहर फिरोजपुर रोड को ब्लॉक कर दिया है। ऐसे में सड़क के दोनों तरफ़ जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। पिछले 2 घंटे से सड़क के दोनों हिस्सों पर यातायात पूरी तरह ठप है, जिससे आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
धरने पर बैठे निहंगों का आरोप है कि करीब तीन साल पहले निहंग फतेहवीर सिंह की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। उनका कहना है कि इस हत्या के मामले में पुलिस ने पिछले तीन वर्षों में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मामले के आरोपी अब भी खुलेआम घूम रहे हैं। निहंगों का कहना है कि वे लंबे समय से न्याय की मांग को लेकर पुलिस और प्रशासन के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी सुनवाई नहीं हुई।
उनका आरोप है कि प्रशासन के इसी रवैये से परेशान होकर उन्हें सड़क जाम कर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक पुलिस इस मामले में ठोस कार्रवाई का भरोसा नहीं देती और फतेहवीर सिंह की हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक उनका धरना और चक्का जाम जारी रहेगा। फिरोजपुर रोड पर डीसी दफ्तर के पास से गुजरने वाले लोग जाम से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।

