लुधियानाः शिमलापुरी इलाके में आते क्वालिटी चौक से मठारू चौक के पास लूट की वारदात का मामला सामने आया है। जहां बुजुर्ग महिला को एक्टिवा पर सवार स्नेचरों ने निशाना बनाया। इस दौरान स्नेचर महिला को डेढ़ किलोमीटर तक घसीटकर ले गए। स्नेचरों ने महिला को घसीटते हुए उसका फोन छीनने की कोशिश की, लेकिन महिला ने फोन नहीं छोड़ा। जिसके बाद स्नेचरों की दुगरी नहर के पास किसी अन्य वाहन से टक्कर हो गई। वहीं स्नेचरों का पीछा कर रहे लोगों ने उन्हें काबू कर लिया।
इस हादसे में महिला बुरी तरह लहूलुहान हो गई है। महिला की पहचान 56 वर्षीय प्रमिला के रूप में हुई है। महिला लोगों के घरों में काम करती है। इस हादसे में महिला के सिर, हाथ और पैर पर काफी चोटें आई हैं। वहीं महिला का मोबाइल भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं रात के समय भी महिला किसी घर से काम करके लौट रही थी। इस दौरान उसे घर से फोन आ गया और वह सड़क पर मोबाइल निकाल बातें करते हुए पैदल चल रही थी।
वहीं महिला का पीछा कर रहे एक्टिवा सवार युवक ने उसका मोबाइल झपटने की कोशिश की। काफी जद्दोजहद के बाद भी महिला ने मोबाइल नहीं छोड़ा। इसके बाद वह उसे घसीटता ले गया। एक्टिवा सवार युवक तेज रफ्तार में था। घायल महिला को उपचार के लिए पहले किसी मेडिकल की दुकान पर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहीं स्नेचर को लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं पुलिस स्नेचर को थाने ले गई और मामले की जांच में जुट गई। इस घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। जिसमें स्नेचर महिला को घसीटता हुआ ले जा रहा है।
