ऊना सुशील पंडित : डॉक्टर्स डे के अवसर पर इनर व्हील क्लब ऊना द्वारा बुधवार को मातृ मेडिसिटी अस्पताल, ऊना में सम्मान समारोह एवं सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान क्लब ने अस्पताल के प्रबंध निदेशक एवं अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अतुल चंदेल, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. वर्णिता रस्तोगी चंदेल, डॉ. सुमित दुबे, डॉ. अंकिता, डॉ. विनीता, डॉ. साक्षी, डॉ. शालू सैनी, डॉ. धर्म चंद चंदेल तथा डॉ. जागृति दत्ता को स्वास्थ्य सेवाओं में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर क्लब ने सामाजिक सरोकार निभाते हुए ग्राम नगनोली के एक जरूरतमंद किडनी मरीज को 5100 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। वहीं मातृ मेडिसिटी अस्पताल के प्रबंध निदेशक डॉ.अतुल चंदेल ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए उसी मरीज की सहायता के लिए अपनी ओर से 11,000 रुपये का सहयोग दिया। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया। क्लब की अध्यक्ष अमरजीत बबली ने कहा कि चिकित्सक मानवता की सेवा का सबसे बड़ा उदाहरण हैं। वे दिन-रात लोगों के जीवन की रक्षा के लिए समर्पित रहते हैं और उनका सम्मान करना समाज का दायित्व है। उन्होंने क्लब द्वारा भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं सेवा कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।
क्लब की सचिव रजिता कसाना ने सभी अतिथियों एवं चिकित्सकों का स्वागत किया। पूर्व अध्यक्ष शोभा सोनी ने डॉक्टर्स डे के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिवस चिकित्सकों के निस्वार्थ योगदान के प्रति समाज की कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। कार्यक्रम के दौरान डॉ. अतुल चंदेल ने सम्मान के लिए इनर व्हील क्लब का आभार व्यक्त किया तथा क्लब द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता करना प्रत्येक सक्षम व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। कार्यक्रम का संचालन क्लब की संपादक अनूपा ठाकुर ने किया, जबकि सुमन पुरी ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर अस्पताल की निदेशक कांता चंदेल,क्लब की अध्यक्ष अमरजीत बबली, सचिव रजिता कसाना, उपाध्यक्ष रंजना जसवाल, कोषाध्यक्ष निरूपमा महाजन, संपादक अनूपा ठाकुर, सदस्य शोभा सोनी, सुमन पुरी, रमा कंवर, रमा कालिया, डॉ. जागृति दत्ता, रंजना बख्शी, कमला कंवर, रेखा शर्मा, मीरा मेहता सहित क्लब की अनेक सदस्याएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

