अमृतसरः थाना लोपोके की पुलिस द्वारा इंसाफ ना मिलने पर देर रात थाने का घेराव किया गया। यह प्रदर्शन भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धूपुर की ओर से जिला प्रधान कर्मजीत सिंह नांगली और ब्लॉक प्रधान लवप्रीत सिंह कलेर की अगुवाई में किया गया। मिली जानकारी के अनुसार देर रात विदेश से आई महिला को न्याय न देने पर थाना का घेराव किया गया। इस मौके पर बलजीत कौर (यूके) ने आरोप लगाते हुए बताया कि वह पिछले 6 साल से यूके में रह रही है।
उसका 2 साल का बेटा पिछले एक साल से उसके ससुराल वाले परिवार के गांव कमासके में रह रहा है। उसके पति के साथ यूके में कोर्ट केस भी चल रहा है। वह यूके की फैमिली कोर्ट से अपने 2 साल के पुत्र को इंडिया से यूके लेकर जाने का ऑर्डर लेकर आई है और उसे वापस विदेश भी जाना है। इस संबंध में उसने एसएसपी देहाती को लिखित शिकायत भी दी थी, लेकिन पुलिस ने उसकी कोई सुनवाई नहीं की।
उसके ससुराल वालों द्वारा उसका पुत्र उसे नहीं दिया जा रहा है और उन्होंने कोर्ट के आदेशों का उल्लंघन किया है। इस अवसर पर ब्लॉक प्रधान लवप्रीत सिंह कलेर तथा ब्लॉक सचिव मनजीत सिंह खियाला ने एक स्वर में कहा कि यदि पुलिस उक्त महिला को न्याय नहीं दिलाती तो थाना लोपोके का घेराव इसी तरह जारी रहेगा। इस पर थाना लोपोके के मुखी दलजीत सिंह पूर ने भरोसा दिलाने के बाद जथेबंदी ने धरना समाप्त कर दिया।
