आगरा: न्यू आगरा थाना क्षेत्र के दयालबाग में शुक्रवार को तेज रफ्तार कार एक खोखे में जा घुसी। हादसे में छह साल के मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, मासूम बच्ची और उसकी नानी भी घायल हैं। बच्ची की हालत गंभीर हैं। उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। मौके पर भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने खोजबीन करके आरोपी चालक को दबोच लिया है। इधर, पोस्टमार्टम के बाद परिजन देर रात मासूम का शव लेकर न्यू आगरा थाना पर पहुंच गए। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा और नारेबाजी की। पुलिस ने बमुश्किल भीड़ को शांत किया।
जानकारी के अनुसार, सदर थाना क्षेत्र के गोपालपुरा निवासी छोटू की न्यू आगरा थाना क्षेत्र के दयालबाग स्थित वीर नगर में ससुराल है। छोटू अपनी पत्नी रूबी और दोनों बच्चों के साथ अपनी ससुराल में किराए पर रहता है। छोटू ने बताया कि घर के पास में ही ससुर गोकुलचंद खोखा चलाते हैं। शुक्रवार दोपहर ससुर गोकुलचंद खाना खाने गए थे। खोखा पर सास बैकुंठी देवी बैठी थीं। उनके पास ही मेरा 6 वर्षीय बेटा प्रदीप और पांच वर्षीय स्नेहा खोखा पर पहुंच गए। वीर नगर में बसेरा एनक्लेव निवासी राहुल वर्मा उर्फ टुंडा तेज रफ्तार कार लेकर आया।
उसकी अनियंत्रित कार बेकाबू होकर सीधे खोखे में टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार की चपेट में आए बेटे प्रदीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि, बेटी स्नेहा गंभीर रूप से घायल है। हादसे में बच्चों की नानी भी घायल है। हादसे के बाद आरोपी राहुल मौके से फरार हो गया। उसके साथ कार में राजेश और जीतू बैठे थे। हादसे से चीख पुकार मची तो मौके पर भीड जमा हो गई। गुस्साए लोगों ने मौके पर हंगामा किया। गंभीर रूप से घायल स्नेहा को तुरंत हेरिटेज अस्पताल पहुंचे। जहां पर बच्ची का उपचार चल रहा है।
हादसे और हंगामा की सूचना पर न्यू आगरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने छानबीन करके आरोपी राहुल वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। इस बारे में स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी राहुल नशे में धुत था। कार की तलाशी लेने पर उसमें भी शराब की बोतल बरामद हुई है। आरोपी राहुल और उसके दोस्त कार में दारू पार्टी कर रहे थे। आरोपी राहुल के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था, कार के कागजात भी पूरे नहीं हैं।
डीसीपी सैयद अली अब्बास ने बताया कि आरोपी राहुल वर्मा से पूछताछ की जा रही है। उसके साथ कार राजेश और जीतू थे। कार से बीयर की कैन मिली हैं। आरोपी राहुल छात्र है। उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं है। उसका मेडिकल कराया है, मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर और धाराएं बढ़ाई जायेगी। परिजन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है. परिजन को एफआईआर की प्रति दे दी गई है।
