मोहालीः ऐतिहासिक और प्राचीन गांव घड़ूंआं में मंगलवार को उस समय भारी सनसनी फैल गई, जब विकास कार्य के लिए जमीन की खुदाई के दौरान चांदी के पुराने सिक्कों से भरा एक ‘कुज्जा’ (मिट्टी का बर्तन) बरामद हुआ। खजाना मिलने की खबर आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई, जिसके बाद आधी रात तक गांव में हाई-वोल्टेज ड्रामा और हलचल बनी रही।
हालात यह हो गए कि बड़ी संख्या में ग्रामीण हाथों में टॉर्च और खुदाई के औजार लेकर अंधेरे में ही जमीन खंगालने निकल पड़े। ये पूरी घटना गांव के पुराने पंचायत घर की जगह पर बन रही नई आधुनिक लाइब्रेरी के निर्माण स्थल की है। मजदूर जब लाइब्रेरी की नींव के लिए जमीन की खुदाई कर रहे थे, तभी अचानक मिट्टी के भीतर एक पुराना और आंशिक रूप से टूटा हुआ कुज्जा दिखाई दिया।
जब बर्तनों को बाहर निकाला गया, तो वह चांदी के पुराने सिक्कों से लबालब भरा हुआ था। शुरुआती जांच और देखने वालों के मुताबिक इन ऐतिहासिक सिक्कों पर उर्दू भाषा में कुछ लिखा हुआ है, जो किसी पुराने राजवंश या काल के प्रतीत होते है।
वार्ड पार्षद शेर सिंह ने बताया कि जैसे ही ग्रामीणों को सिक्कों की बात पता चली मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूरज ढलने और अंधेरा होने के बाद भी लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। कई लोग टॉर्च और मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाकर मलबे और खोदी जमीन में सिक्के तलाशने लगे।
पार्षद के अनुसार, सिक्कों की सटीक संख्या अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है, क्योंकि शुरुआती अफरा-तफरी के दौरान कुछ स्थानीय लोग अपने हाथ लगे सिक्के चुपचाप साथ ले गए। माहौल बिगड़ता देख तुरंत पुलिस को सूचित किया गया, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को खदेड़ा और निर्माण स्थल को अपने नियंत्रण में लिया।