हैदराबादः तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में बुधवार सुबह एक निजी बस के ट्रक से टकराने से बस में सवार पांच महिलाओं समेत छह लोगों की मौत हो गई और कम से कम 12 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने जानकारी देते बताया कि हादसा सुबह करीब सवा पांच बजे हैदराबाद-विजयवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोडाड मंडल के पास हुआ। प्रारंभिक जांच के अनुसार, निजी बस में 42 यात्री सवार थे और यह बस हैदराबाद से आंध्र प्रदेश के एलुरु जा रही थी। इसी दौरान बस ने आगे चल रहे ट्रक को टक्कर मार दी।
हादसे में पांच महिलाओं समेत छह लोगों की मौत हो गई। कम से कम 12 अन्य घायल हुए है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूर्यापेट जिले के पुलिस अधीक्षक के. नरसिम्हा ने पत्रकारों को बताया कि ट्रक में औद्योगिक कार्यों में इस्तेमाल होने वाले भारी-भरकम पिलर लदे हुए थे।
उन्होंने बताया कि जैसे ही बस ने ट्रक को टक्कर मारी तो पिलर को सुरक्षित रखने के लिए बांधी गई चेन टूट गई और पिलर बस के दाहिने हिस्से से जा टकराए। इसके कारण बस के आगे की सीटों पर बैठे यात्रियों की जान चली गई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घायलों में से दो की हालत गंभीर है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा के एक अस्पताल में ले जाया गया है। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने हादसे में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई और मुख्य सचिव को निर्देश दिया कि घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने बताया कि हादसे की वजह बस की तेज रफ्तार होने की आशंका है। पुलिस ने बताया कि बस की टक्कर से पहले ही ट्रक के सड़क के डिवाइडर से टकराने की आशंका है।