पिता ने एक महीने पहले पुलिस में की थी शिकायत
मोहाली: शहर से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। आरोप है कि एक युवक ने 17 साल की नाबालिग किशोरी पर सैनिटाइजर छिड़ककर आग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। बताया जा रहा है कि आरोपी किशोरी पर उससे बात करने का दबाव बना रहा था। विरोध करने पर वह अपने दो साथियों के साथ उसके घर पहुंचा। घर में किशोरी को अकेला पाकर आरोपी ने कथित तौर पर उसके ऊपर सैनिटाइजर छिड़का और आग लगा दी। इसके बाद उसे कमरे में बंद कर आरोपी मौके से फरार हो गया।
चीखें सुनकर पड़ोसी पहुंचे
किशोरी की चीखें सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और उसके परिजनों को सूचना दी। कमरे से बाहर निकालने तक किशोरी गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया।
पिता ने लगाए गंभीर आरोप
किशोरी के पिता के मुताबिक, आरोपी युवक काफी समय से उनकी बेटी पर उससे बात करने का दबाव बना रहा था। आरोप है कि वह कई बार रास्ते में भी किशोरी को परेशान करता था। पिता ने बताया कि करीब एक महीने पहले उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से की थी, जिसके बाद आरोपी ने माफी मांग ली थी।
पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच
पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मुख्य आरोपी की पहचान दीपक के रूप में हुई है।

