मोगा: जिले में तहसीलदार और युवक में विवाद हो गया। मिली जानकारी के अनुसार दस्तावेज मांगने को लेकर विवाद हुआ। जिसके बाद तहसीलदार और युवक में हाथापाई हो गई। इस दौरान तहसीलदार ने युवक पर शर्ट फाड़ने के आरोप लगाए है। वहीं घटना को लेकर तहसीलदार मनिंदर सिंह द्वारा पुलिस को शिकायत दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तहसीलदार मनिंदर सिंह ने बताया कि वह दफ्तर में एसआईआर से संबंधित काम कर रहे थे। इस दौरान एक युवक अपना निजी काम लेकर उनके पास पहुंचा। तहसीलदार ने युवक से कहा कि वह संबंधित दस्तावेज पेश करे, ताकि विभागीय नियमों के अनुसार उसका काम किया जा सके।
इस दौरान युवक द्वारा कथित तौर पर तहसीलदार से कहा गया कि वह यहां खाली बैठे हैं। इस बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई। तहसीलदार के आरोपों के अनुसार, बहस के दौरान युवक ने उनके साथ हाथापाई की और उनकी शर्ट फाड़ दी। घटना के बाद तहसीलदार द्वारा मामले की कार्रवाई के लिए उक्त युवक को मोगा के थाना सिटी वन के पुलिस अधिकारियों के हवाले कर दिया गया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद अगली कानूनी कार्रवाई की जाएगी।