मोगाः जेलों में बंद सिखों की रिहाई और पूर्व CM बेअंत सिंह की हत्या के दोषी जगतार हवारा की पैरोल की मांग को लेकर कौमी इंसाफ मोर्चा की अगुआई में आज पंजाब बंद किया गया है। बंद का व्यापक असर देखने को मिला है। सभी जिलों में मार्केट बंद हैं। प्राइवेट स्कूल बंद रखे गए हैं। मोहाली में हाईवे जाम किया गया है। बसों की आवाजाही पर व्यापक असर पड़ा है।
बंदी सिंहों की रिहाई की मांग को लेकर कौमी इंसाफ मोर्चा के बैनर तले पंजाब बंद के पूर्व आह्वान के चलते शुक्रवार को जिला मोगा भी पूर्ण तौर पर बंद रहा। कौमी इंसाफ मोर्चा के इस बंद को शिरोमणि अकाली दल अमृतसर, अकाल दल वारिस पंजाब दे, अनेक किसान जत्थेबंदियों सहित अन्य अनेक ने अपना समर्थन दिया।
मीडिया के रूबरू अकाली दल वारिस पंजाब दे, शिरोमणि अकाली दल अमृतसर, कीर्ति किसान यूनियन सहित अन्य अनेक जत्थेबंदियों के आगुओं ने कहा कि बंदी सिंहों की रिहाई के लिए 15 अगस्त को सिख कौम चंडीगढ़ में शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रही थी व गवर्नर को मांग पत्र देना चाहती थी। लेकिन सरकार की ओर से उन पर गैर मानवीय व्यवहार किया गया, जिससे सिख कौम बहुत आहत हुई है। उन्होंने बंदी सिंहों की रिहाई की अपनी मांग को दोहराते हुए कहा कि अगर शीघ्र ही सरकार ने उनकी मांगों संबंधी ठोस कदम न उठाए तो आने वाले दिनों में इस संघर्ष को और तीखा किया जाएगा।

