संगरूरः भाजपा की अंदरूनी खींचतान अब खुलकर सामने आने लगी है। पार्टी ने अनुशासनहीनता के मामले में तीन नेताओं रणदीप सिंह देओल, मनजिंदर सिंह कपियाल और जतिंदर कलरा को शो कॉज नोटिस जारी किया है। पार्टी की ओर से जारी नोटिस में 25 अगस्त को संगरूर में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस का हवाला दिया गया है। इसमें बताया गया है कि इस दौरान तीनों नेताओं ने भाजपा के अंदरूनी मामलों और संगठन से जुड़े कई बयान दिए थे। भाजपा की अनुशासन समिति ने इन बयानों को पार्टी की नीति और अनुशासन के खिलाफ करार दिया है। नोटिस के अनुसार, ऐसे बयानों से पार्टी की साख और संगठन की छवि पर बुरा प्रभाव पड़ने की बात कही गई है।

मामला तब और गरमाया जब तीनों नेताओं ने पार्टी के संगठन मंत्री की कार्यप्रणाली को लेकर सार्वजनिक रूप से नाराजगी जाहिर की और संगठन से जुड़े कई सवाल उठाए। इसके बाद उनकी गतिविधियां पार्टी के अंदर चर्चा का विषय बनी रहीं। तीनों नेताओं की नाराजगी को उस घटना से भी जोड़ा जा रहा है, जब पटियाला में होने वाली भाजपा की एक अहम बैठक में उन्हें निमंत्रण नहीं दिया गया था। इस पर नेताओं ने अपनी नाराजगी जाहिर की थी और पार्टी के अंदरूनी मामलों को लेकर सवाल खड़े किए थे। इसके बाद तीनों ने संगरूर में भाजपा को बचाने के उद्देश्य से मार्च निकालने का ऐलान भी किया था।
इस घटनाक्रम ने संगरूर भाजपा में चल रहे मतभेदों को और चर्चा में ला दिया। अब शो कॉज नोटिस के जरिए पार्टी ने तीनों नेताओं से स्पष्टीकरण मांगा है कि पार्टी अनुशासन की अवहेलना और पार्टी की साख को कथित तौर पर नुकसान पहुंचाने के मामले में उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों न की जाए। नोटिस के अनुसार, तीनों नेताओं को यह जवाब लिखित रूप में अनुशासन समिति के पास सात दिनों के अंदर जमा करवाना होगा। यदि निर्धारित समय में जवाब नहीं दिया गया तो पार्टी संविधान के अनुसार बिना किसी और नोटिस के अगली उचित कार्रवाई की जा सकती है। अब तीनों नेताओं के जवाब और पार्टी के अगले फैसले पर सबकी नजर टिकी हुई है।