मोगाः जिले के गांव सिंघांवाला में नशा तस्करी के मामले को लेकर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर दोनों आरोपी बाप-बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार किसान नेता इकबाल सिंह ने मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति का नशा बेचते हुए का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आज गांव सिंघांवाला में पहुंची। पुलिस ने वीडियो के आधार पर नशा बेचने के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी देते हुए डीएसपी सिटी जितेंद्र सिंह गिल्ल ने बताया कि गांव सिंघावाला में नशे के खिलाफ पुलिस ने तुरंत प्रभावी कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि कल सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुई थी। जिसमें एक किसान नेता ने एक युवक को रोककर उसके कब्जे से संदेहास्पद वस्तुएं बरामद की थीं। वीडियो के आधार पर पुलिस ने तुरंत टीम भेजकर जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सच्चा सिंह और उसके पिता गुरप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से लगभग 5 ग्राम हेरोइन और लगभग 40 नशीली गोलियाँ बरामद की गई हैं।
इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों को हिरासत में लेकर आज उन्हें अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया शुरू की है। पुलिस द्वारा बरामद नशीले पदार्थों को फोरेंसिक लैब में जांच के लिए भेजा जाएगा, ताकि पता चल सके कि ये हेरोइन है या कोई और नशीला पदार्थ। डीएसपी ने बताया कि आरोपियों का पुराना रिकॉर्ड भी जांचा जा रहा है और रिमांड के दौरान और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है। इस मामले में अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच जारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि उनके क्षेत्र में नशे से संबंधित कोई गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि इस बुराई को जड़ से खत्म किया जा सके।
