कपूरथलाः जिले के ढिलवां क्षेत्र में शुक्रवार तड़के जीटी रोड पर एवन पैलेस के नज़दीक अज्ञात हमलावरों ने कार में बैठे गोपी का गोलियां मारकर कत्ल कर दिया। मृतक की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी पुत्र जसबीर सिंह निवासी गांव जैरामपुर, थाना सुभानपुर के रूप में हुई है। इस घटना को लेकर पुलिस का बयान सामने आया है। मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी गौरव तूरा ने कहा कि देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा कार सवार का गोलियां मारकर कत्ल कर दिया गया।
इस मामले को लेकर परिवार के बयानों पर कत्ल, आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। अलग अलग टीमें बनाकर आरोपियों की तालाश में छापेमारी की जा रही है। वहीं एसएसपी ने कहाकि मृतक गुरप्रीत के खिलाफ 3 मामले दर्ज है। जिसमें आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और एक डकैती का मामला शामिल है।
बताया जा रहा है कि मृतक सुक्खा काहलवां गैंगस्टर की हत्या के मामले में एक अहम गवाह था। उक्त गैंगस्टर की कुछ वर्ष पहले पुलिस कस्टडी के दौरान हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस हत्या की जिम्मेदारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर डोनी बल गैंग द्वारा लेने का दावा किया गया है। हालांकि पुलिस की ओर से इस दावे की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है और इसकी जांच की जा रही है।
