अमृतसरः कमिशनरेट पुलिस ने ऑपरेशन संपर्क के तहत मानव निकेतन स्कूल में एक विशेष जागरूकता बैठक आयोजित की। इस दौरान स्कूल के विद्यार्थी, अध्यापक और क्षेत्र के लोग पुलिस अधिकारियों से सीधे संवाद में शामिल हुए। बैठक में बच्चों ने भी पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए और अपने प्रश्न पूछे। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत भुल्लर ने कहा कि पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री के निर्देशों के तहत अपराध, गैंगस्टरों और नशे के खिलाफ व्यापक अभियान चल रहा है।
कमिशनरेट पुलिस को इस मुहिम के दौरान कई बड़ी सफलताएं मिली हैं और कई दोषियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसी संपर्क बैठकों का उद्देश्य लोगों से सीधे बातचीत करना है ताकि आम जनता अपने सुझाव दे सके। उन्होंने कहा कि बच्चों की सोच बहुत तेज होती है, इसलिए उन्हें भी मौका दिया गया और बच्चों ने सामाजिक मुद्दों पर अच्छे सवाल पूछे।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि अमृतसर में 5000 से अधिक नशे के प्रभावित लोगों को डी-एडिक्शन सेंटर्स में दाखिल कराया गया है। ड्रोन के माध्यम से सीमा पार से नशे की सप्लाई रोकने के लिए भी पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर नशा और अपराध मुक्त अमृतसर बनाने में सहयोग दें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भ्रष्ट या गलत काम करने वाले पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ भी शून्य सहनशीलता नीति अपनाई जा रही है।
