अमृतसरः जिले के अनगढ़ में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका हो गया। जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई और जोरदार धमाका होने के बाद भीषण आग लग गई। जिसमें एक महिला की मौत व एक गंभीर रूप से झुलस गई है। वहीं, इस मामले को लेकर पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर का बयान सामने आया है। इस दौरान उन्होंने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि अवैध पटाखे बनाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इसके बाद कहा कि इस हादसे के दौरान दो महिलाएं बुरी तरह झुलस गईं, जिनमें से एक महिला की मौत हो गई है, जबकि दूसरी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि सुबह करीब 11:45 बजे पुलिस को अंगढ़ इलाके में रहने वाले अशोक कुमार के घर में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, SHO मनजीत सिंह, ACP सुरिंदर और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि घर के अंदर अवैध पटाखे बनाए जा रहे थे और उन्हें वहां जमा करके रखा गया था। इन्हीं अवैध पटाखों के कारण अचानक आग भड़क उठी और एक जोरदार धमाका हो गया। इस हादसे में सुमनप्रीत नाम की एक महिला की मौत हो गई, जबकि गुरप्रीत कौर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
भुल्लर ने बताया कि पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज कर ली है और मामले की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अंगढ़ इलाके में अवैध रूप से पटाखे बनाने या जमा करने वालों के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया जाएगा और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस कमिश्नर ने यह भी स्पष्ट किया कि कुछ लोग इस घटना को कोई और ही रंग देने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन इसका असली कारण अवैध पटाखों से लगी आग ही थी। उन्होंने कहा कि धमाकों की तेज आवाज पटाखों के फटने के कारण ही आई थी और इसी वजह से यह हादसा हुआ।
