लुधियानाः हैबोवाल इलाके के अधीन आते गोपाल नगर में उस समय हड़कंप मच गया, जब स्कूल की खड़ी दो बसों में अचानक आग लग गई। इस घटना को लेकर लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत घटना की सूचना दमकल विभाग को दी। देखते ही देखते आग ने बस को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें दूर से दिखाई दे रही है। घटना की वीडियो भी सामने आई है, जिसमें हादसे के दौरान लोग एक-दूसरे को घटनास्थल से दूर रहने की अपील कर रहे है। इस घटना में महिला की झुग्गी जलकर राख हो गई।
मामले की जानकारी देते हुए महिला ने कहा कि उसे फोन कर सूचना दी गई। पीड़िता ने कहा कि वह 25 सालों से यहां पर रह रही है। इस घटना में उसका सारा सामान जलकर राख हो गया। वहीं महिला का रो-रो-कर बुरा हाल हो गया। दूसरी ओर आग की चपेट में आने से दोनों बसें जलकर राख हो गई। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच में जुट गई।
पुलिस ने बताया कि झुग्गी में आग लगी थी। जिसके बाद झुग्गी के बाहर खड़ी स्कूल की दो बसें भी आग की चपेट मे आ गई। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया। घटना की सूचना मिलते दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस घटना में दमकल विभाग की 2 गाड़ियां आग पर काबू पाने में लगी। थाना हैबोवाल के जांच अधिकारी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। घटना में जो भी दोषी पाया गया, उसके खिलाफ बनती कार्रवाई की जाएगी।
