लुधियानाः लुधियाना में रविवार की सुबह दर्दनाक खबर सामने आई है। जालंधर बाईपास के नजदीक थाना सलेम टाबरी के ठीक सामने सुबह करीब 6:15 बजे तेज रफ्तार एक कार (Toyota XZ) और ई-रिक्शा के बीच इतनी जोरदार टक्कर हुई कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। इस भीषण सड़क हादसे में ई-रिक्शा सवार एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सबसे दुखद पहलू यह है कि पीड़ित परिवार माता वैष्णो देवी के दर्शन करके खुशी-खुशी अपने घर लौट रहा था, लेकिन उन्हें क्या पता था कि रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित परिवार माता वैष्णो देवी की यात्रा पूरी करके सुबह-सुबह लुधियाना रेलवे स्टेशन पहुंचा था। वहां से उन्होंने जसिया जाने के लिए एक ई-रिक्शा किया अचानक एक कार काल बनकर आई और जोरदार टक्कर मार दी।
इस खौफनाक हादसे के चश्मदीद और ई-रिक्शा चालक हिमांशु ने आपबीती सुनाई। चालक के मुताबिक उसने रेलवे स्टेशन से जसिया जाने के लिए कुल 5 सवारियां बैठाई थीं, जिनमें 2 युवतियां और 3 युवक शामिल थे। हादसे से कुछ देर पहले ही रास्ते में 2 युवतियों को उतारा गया था, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई। हादसे के वक्त 3 युवक ई-रिक्शा में पीछे बैठे हुए थे। टक्कर इतनी भयानक थी कि पीछे बैठे एक युवक की जान चली गई, जबकि बाकी घायलों को खून से लथपथ हालत में तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
हादसे में शामिल टोयोटा कार को राहुल कुमार मिश्रा नाम का व्यक्ति चला रहा था। मिली जानकारी के अनुसार कार चालक राहुल इंडियन आर्मी का जवान है। वह उत्तर प्रदेश (UP) से अपनी पोस्टिंग पर ड्यूटी ज्वाइन करने के लिए जम्मू जा रहा था। इसी दौरान लुधियाना क्रॉस करते समय सलेम टाबरी के पास यह दुर्भाग्यपूर्ण हादसा घटित हो गया।
सड़क पर हुए हादसे की सूचना मिलते ही सलेम टाबरी थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सबसे पहले मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक को सुचारू करवाया और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों (कार और ई-रिक्शा) को सड़क के किनारे करवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हादसे में किसकी लापरवाही थी और असल कारण क्या रहे।
फिलहाल अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। इस हादसे ने एक बार फिर सुबह के समय तेज रफ्तार और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए है।
