राजपुरा: पंजाब के पटियाला में आधी रात रेल लाइन पर जोरदार धमाका हुआ है। दरअसल, राजपुरा-शंभू के बीच रेलवे लाइन पर की रात को बड़ा धमाका होने से व्यक्ति की मौत हो गई। धमाके में मारे गए व्यक्ति की पहचान जगरूप सिंह के रूप में हुई है, जो तरनतारन के गांव पंजवड का रहने वाला था। धमाके के दौरान इस व्यक्ति का शरीर का ज्यादातर हिस्सा उड़ गया था और केवल उसका पेट और सीना ही बचा था। हालांकि उसका मोबाइल फोन टूटने से बच गया। वहीं हादसे में राजपुरा और शंभू रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFCCI) की रेलवे लाइन पर धमाके से पटरी को नुकसान पहुंचा है।
सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी और स्थानीय पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए। फिलहाल किसी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है लेकिन किसी बड़ी साजिश की आशंका जताई जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि धमाके की तीव्रता कम थी। सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके को सील कर दिया गया है।
पुलिस अब मृतक की पहचान करने और उसके साथियों का पता लगाने के लिए आसपास के गांवों में छापेमारी कर रही है। फिलहाल रेल पटरियों की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि भविष्य में किसी भी बड़े खतरे को टाला जा सके। एसएसपी ने कहाकि उनकी टीम को घटना स्थल पर सिम कार्ड बरामद हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जो घटना को अंजाम देने की कोशिश कर रहा था, उस व्यक्ति की मौत हो गई है। जल्द इस मामले की जांच करके सुलझाया जाएगा। इस मामले को लेकर जीआरपी पुलिस सहित अन्य एजेंसियों के साथ तालमेल बनाया जा रहा है।
