गुरदासपुर: जिला गुरदासपुर के गांव महमदपुर के सरकारी प्राइमरी स्कूल में उस समय बड़ी घटना घटी जब एक महिला टीचर पर उसके भतीजे ने ड्यूटी के दौरान स्कूल में घुसकर तेजाब से हमला कर दिया। वहीं जब उक्त युवक ने अपनी मामी पर तेजाब फेंका तो उस तेजाब हमले में न सिर्फ टीचर लखविंदर कौर बुरी तरह घायल हो गई, बल्कि क्लास में मौजूद दो छोटे बच्चे भी इस तेजाब हमले का शिकार हो गए। उसी स्कूल में ड्यूटी पर तैनात टीचर सरबजीत कौर और गांव के सरपंच मंदीप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि लखविंदर कौर रोजाना की तरह ड्यूटी पर अपनी क्लासरूम में छोटे बच्चों को पढ़ा रही थी।
अचानक एक युवक स्कूल की क्लासरूम में घुस आया और लखविंदर कौर पर तेजाब फेंककर भाग गया। लखविंदर कौर बुरी तरह झुलस गई, जबकि टीचर के करीब दो बच्चों पर भी हमला किया गया। उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लखविंदर कौर को इलाज के लिए बटाला अस्पताल भेजा गया और पुलिस को भी सूचित किया गया। इस बीच बटाला डिस्ट्रिक्ट पुलिस के डीएसपी हरीश बहल ने बताया कि जैसे ही उन्हें इस घटना की जानकारी मिली, उनकी पुलिस पार्टी ने मौके पर जाकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस द्वारा घटना के कुछ ही देर में एसिड से हमला करने वाले युवक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि हमले के पीछे की वजह का पता नहीं चला है, लेकिन यह बात जरूर सामने आई है कि आरोपी युवक नशे का आदी है और एड्स का मरीज है। इस बीच घटना में घायल एक लड़की का बटाला के सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है और बच्ची के पारिवारिक सदस्य और ड्यूटी मेडिकल अफसर डॉ. अमनदीप कौर ने बताया कि एसिड से लड़की की आंखों को नुकसान पहुंचा है और उसका इलाज चल रहा है।
