लुधियानाः शहर के थाना डिवीजन नंबर 4 के अंतर्गत आते फतेहगढ़ मोहल्ला में एक मंदिर में स्थापित देवी-देवताओं की मूर्तियों को खंडित करने और उन्हें वहां से गायब करने का मामला सामने आया। घटना के बाद इलाके के लोगों में भारी रोष है। पुलिस ने इस मामले में दो स्थानीय युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी गई शिकायत में फतेहगढ़ मोहल्ला निवासी छोटे लाल ने बताया कि उनके मोहल्ले में सचिन कुमार के मकान के साथ करीब 10 गज की जगह में 50 साल पुराना मां दुर्गा का प्राचीन मंदिर बना हुआ है। इस मंदिर में राधा-कृष्ण, गौ-माता, मां दुर्गा और शिवलिंग की मूर्तियां स्थापित थीं।
सुबह करीब 10:00 बजे जब छोटे लाल हमेशा की तरह मंदिर में माथा टेकने पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। मंदिर के गर्भग्रह से मूर्तियां गायब थीं और आसपास की जगह पर बुरी तरह तोड़फोड़ की गई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार जब उन्होंने अपने स्तर पर पड़ताल की तो पता चला कि इस वारदात को मोहल्ले के ही रहने वाले सुमित और साजन ने अंजाम दिया है।
आरोप है कि दोनों आरोपियों ने जानबूझकर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और माहौल खराब करने की नीयत से मूर्तियों के साथ बेअदबी की और उन्हें वहां से हटा दिया। छोटे लाल ने कहा मंदिर में हुई इस तोड़फोड़ से हमारी आस्था को गहरी चोट पहुंची है। दोषियों ने पवित्र मूर्तियों को गायब कर मर्यादा का उल्लंघन किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना 4 की पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 298 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
