बठिंडाः जिले के नंदगढ़ थाना क्षेत्र के गांव जंगीराणा में इंसानियत शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। जहां पोते पर 85 वर्षीय दादी की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक छा गई। मिली जानकारी के अनुसार घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। लोगों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में गांव जंगीराणा निवासी सुखराज सिंह ने बताया कि उसका चचेरा भाई महिकदीप सिंह अपनी दादी बसंत कौर के साथ मारपीट कर रहा था। शिकायतकर्ता के अनुसार जैसे ही उसे घटना की जानकारी मिली, वह तुरंत मौके पर पहुंचा। हालात गंभीर देखकर उसने चिकित्सक को बुलाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और बसंत कौर ने दम तोड़ दिया था। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
थाना नंदगढ़ के सहायक थानेदार सुरजीत सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर (पोते) आरोपी महिकदीप सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया है और उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था और किस परिस्थिति में यह विवाद इतना बढ़ गया कि बुजुर्ग महिला की जान चली गई।
