बठिंडाः जिले में गणेशा बस्ती गली नंबर 9 से दर्दनाक हादसा सामने आया है। जहां गली में नई सड़क बन रही थी। इस दौरान एक्टिवा से गुजर रहे बाप-बेटी की स्कूटी फिसल गई और दोनों रोड रोलर की चपेट में आ गए। घटना में व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। मिली जानकारी के अनुसार घर के बाहर बने रैंप पर थोड़ी बजरी बिखरी होने के कारण स्कूटी अचानक स्लिप हो गई और बाप-बेटी दोनों सड़क के बीच गिर गए।
मृतक की पहचान विशाल गुप्ता के रूप में हुई है, जबकि गंभीर घायल बेटी की पहचान 9 वर्षीय मन्नत के रूप में हुई है। घटना के दौरान गली में सड़क निर्माण कर रहा रोड रोलर पीछे की ओर चल रहा था और वह दोनों के ऊपर से गुजर गया। रोड रोलर की चपेट में आने से विशाल गुप्ता का सिर कुचल गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनकी बेटी मन्नत भी गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी संस्था नौजवान वेलफेयर सोसाइटी के मौके पर पहुंचे। संस्था की टीम ने घायल बच्ची को पहले एक निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची को एंजेल अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसकी हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक कार्यवाही के बाद संस्था की टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। थाना सिविल लाइन के एसएचओ रविंदर सिंह ने बताया कि उन्हें दुर्घटना की सूचना मिली है और पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। बयान के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है
