लुधियानाः छावनी मोहल्ला इलाके में करीब 1 बजे एक युवकों द्वारा Grand i10 Nios कार में जमकर तोड़फोड़ की गई। घटना के दौरान इलाके में गोली चलने का भी दावा किया जा रहा है। मौके पर एक ग्रैंड i10 निओस कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मिली है। तेजधार हथियारों से हमला कर कार का अगला और पिछला शीशा पूरी तरह तोड़ दिया गया है। वहीं घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
जिसमें एक युवक हाथ में बंदूक लेकर जाता हुआ दिखाई दे रहा है जबकि एक अन्य युवक वहां से भागता हुआ नजर आ रहा है। घटनास्थल पर कार का मालिक नहीं मिला है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। हालांकि घटनास्थल से पुलिस को गोली का कोई खोल बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है। थाना डिवीजन नंबर 1 के एसएचओ अश्वनी ने बताया हमें कंट्रोल रूम 112 पर सूचना मिली थी कि छावनी मोहल्ला में गोली चली है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां पहुंचने पर हमें कोई गोली का खोल बरामद नहीं हुआ लेकिन एक ग्रैंड i10 निओस कार पूरी तरह टूटी हुई मिली। एसएचओ अश्वनी ने बताया कि पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर अपनी जांच तेज कर दी है। फिलहाल इलाके में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।