चंडीगढ़: पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि बाल भिक्षावृत्ति जैसी सामाजिक बुराई को जड़ से समाप्त करने और हर बच्चे के बचपन को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पंजाब सरकार द्वारा प्रोजेक्ट ‘जीवनजोत’ के तहत राज्यभर में अभियान को और तेज किया गया है। डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि पिछले दिनों से शुरू किए गए विशेष अभियान के दौरान दिन और शाम के अलग-अलग समय में 195 हॉटस्पॉट पर 82 विशेष रेड की गईं। इस दौरान 39 बच्चों को बाल भिक्षावृत्ति से रेस्क्यू कर संबंधित बाल कल्याण समितियों के समक्ष पेश किया गया।
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि रेस्क्यू किए गए बच्चों को दोबारा समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए भी तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी गई है। 6 बच्चों के स्कूलों में दाखिले की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जबकि अन्य 6 बच्चों को आंगनवाड़ी केंद्रों से जोड़ने की कार्रवाई की जा रही है, ताकि उन्हें पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और सर्वांगीण विकास का लाभ मिल सके।
लोगों से इस नेक प्रयास में भागीदार बनने की अपील करते हुए डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि यदि किसी भी बच्चे को भीख मांगते हुए या किसी भी ऐसी स्थिति में देखा जाए, जहां उसे सुरक्षा की आवश्यकता हो, तो इसकी सूचना तुरंत अपने जिले की जिला बाल सुरक्षा इकाई, बाल कल्याण समिति या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर दी जाए। उन्होंने कहा कि आपकी एक सूचना किसी बच्चे का बचपन बचा सकती है और उसके भविष्य को नई दिशा दे सकती है।