लुधियाना: पंजाब सरकार द्वारा ऑनलाइन लॉटरी की बिक्री पर पूर्णता पाबंदी के बावजूद पिछले दिनों ठगी के कई मामले सामने आए हैं। जहां ऑनलाइन लॉटरी के नाम पर लोगों को ठगा गया है। इस संदर्भ में उत्तर भारत के प्रमुख लॉटरी विक्रेता गांधी ब्रदर्स के मनमीत सिंह गांधी और तरुणप्रीत सिंह गांधी द्वारा आज लुधियाना में प्रेस कांफ्रेंस करके एक बड़ा खुलासा किया गया है, जिनके मुताबिक मेटा की मदद से वह अब तक 10 हजार से अधिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को बंद करवाया गया है। उन्होंने खुलासा किया कि लोगों से मिल रही शिकायतों के बाद वह लगातार पुलिस के साइबर सेल संपर्क में हैं।
मनमीत गांधी और तरुणप्रीत गांधी ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा ऑनलाइन लॉटरी की बिक्री पर पूरी तरह से पाबंदी लगाई गई है। लेकिन फिर भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर ठगों द्वारा लोगों को अपना शिकार बनाने का प्रयास किया जाता है। आरोपियों द्वारा लॉटरी विक्रेताओं के नाम पर फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट्स बनाए जाते हैं और लोगों को नकली लाटरी की टिकट बेचने का प्रयास किया जाता है। इस दौरान ऑनलाइन लॉटरी का नंबर निकलने पर पीड़ित लोग अपना क्लेम हासिल करने के लिए धक्के खाने पर मजबूर होते हैं। जबकि आरोपी उनके पैसे लेकर फरार हो जाते हैं।
इस दौरान उन्होंने लोगों को सावधान किया कि वह ऑनलाइन ठगों से बचें। गांधी ब्रदर्स में स्पष्ट किया कि पंजाब सरकार की ओर से किसी भी तरह से ऑनलाइन लॉटरी बेचने की मंजूरी नहीं है। सिर्फ सरकार से मान्यता प्राप्त स्टॉल्स पर ही लॉटरी की बिक्री की जा सकती है और सरकारी लॉटरी का कागज भी विशेष प्रकार का होता है, जिसके लिए मानक सरकार द्वारा तय हैं। इसी तरह, असली लॉटरी का ड्रा निकालने और इनाम की रकम जारी करने के लिए भी सरकार द्वारा पूरे नियम तय किए गए हैं, जिनका गांधी ब्रदर्स और अन्य मान्यता प्राप्त लॉटरी विक्रेताओं द्वारा पालन किया जाता है।