अमृतसरः पंजाब भर में किसानों द्वारा आज अलग‑अलग स्थानों पर रेलें रोक कर किए जाने वाले प्रदर्शन को फिलहाल के लिए रद्द कर दिया गया है। इस फैसले के तहत अमृतसर के देवीदासपुरा में भी आज होने वाला रेल रोको धरना अब नहीं किया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के नेता सर्वन सिंह पंधेर ने कहा कि किसान मजदूर मोर्चा और एसकेएम से संबंधित संगठनों ने मिल बैठकर मीटिंग की।
इस बैठक में फैसला किया गया कि प्रशासन द्वारा समय मांगने पर 3 दिन का समय दिया गया है। उन्होंने कहा कि कुछ मंडियों में गेंहू खरीद शुरू हो चुकी है, लेकिन अभी भी कई जगहों पर किसानों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। पंधेर ने कहा कि इसमें मुख्य मामला केंद्र सरकार द्वारा खरीद के नियमों में छूट देने का है, जिसमें डिस्क्लोज़र और सड़े हुए अनाज की प्रतिशतता को लेकर उलझन है।
उन्होंने कहा कि जैसे ही केन्द्र सरकार नियमों में ढील देगी, खरीद प्रक्रिया सुचारू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि किसान मजदूर मोर्चा की लुधियाना में अगली मीटिंग बुलाई गई है, जिसमें अगले कदम पर फैसला किया जाएगा। उन्होंने पंजाब की जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि लोगों को हो सकती असुविधा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। साथ ही किसानों से अपील की गई है कि जहां‑जहां मंडियों में खरीद संबंधी समस्या आती है, वहां स्थानीय स्तर पर इकट्ठे हो कर संघर्ष के लिए तैयार रहें।
