लुधियानाः जिले के सराभा नगर इलाके में स्थित EAUZO Restaurant को लेकर विवाद हो गया। दरअसल, रविवार रात तेज आवाज में म्यूजिक बजने से परेशान लोगों ने पुलिस को रेस्टोरेंट के खिलाफ शिकायत दी। इलाका निवासियों का कहना है कि देर रात रेस्टोरेंट्स में होने वाली पार्टियों से वह परेशान हैं। इस कारण इलाके के लोगों ने पुलिस को सूचित किया। वहीं मौके पर पहुंच पुलिस ने म्यूजिक सिस्टम बंद करवाया।
मामले की जांच कर थाना डिविजन नंबर 5 की पुलिस ने ईए-ओयूजो (EaUzo) रेस्टोरेंट मैनेजमेंट के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता तृप्ता डालमिया निवासी मकान नंबर 54-K, सराभा नगर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सराभा नगर स्थित EaUzo रेस्टोरेंट में देर रात बहुत तेज आवाज में संगीत बजाया जाता है। इससे आसपास रहने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और उनकी दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
उनका पूरा परिवार परेशान है। कई बार रेस्टोरेंट प्रबंधकों को समझाया, लेकिन कुछ दिन उनकी बात का असर रहता फिर वही हालात बन जाते। पुलिस को दी शिकायत में कहा गया कि बार-बार म्यूजिक की तेज आवाज के कारण इलाके में रहने वाले लोगों को मानसिक तनाव और असुविधा हो रही है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच के बाद रेस्टोरेंट मैनेजमेंट के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
