लुधियानाः जिले में कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला गोविंदगढ़ जोगियन इलाके से सामने आया है, जहां मासूम बच्चे को कुत्तों ने अपना शिकार बना लिया। दरअसल, गली में खेल रही 3 साल की मासूम चांदनी पर आवारा कुत्ते ने जानलेवा हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्ची के सिर और चेहरे को बुरी तरह नोच डाला। लहूलुहान हालत में बच्ची को सिविल अस्पताल भर्ती कराया गया है जहां उसे 35 टांके आए हैं। पीड़ित बच्ची के पिता चंदन ने बताया कि वह काम पर गए हुए थे तभी उनकी पत्नी का रोते हुए फोन आया कि छोटी बेटी चांदनी को कुत्तों ने बुरी तरह काट लिया है।
चंदन के मुताबिक बच्चे घर के बाहर गली में खेल रहे थे तभी अचानक कुत्ते ने चांदनी पर हमला कर उसे जमीन पर गिरा दिया और सिर व मुंह को नोचना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर जब तक लोग पहुंचे बच्ची लहूलुहान हो चुकी थी। सिविल अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक बच्ची की हालत बेहद नाजुक थी। कुत्तों ने इतनी बेरहमी से हमला किया था कि शरीर के कई हिस्सों से मांस लटक रहा था।
डॉक्टरों ने बताया कि घाव इतने गहरे थे कि टांके लगाना मुश्किल था लेकिन परिवार की जिद और बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए करीब 35 टांके लगाए गए हैं। फिलहाल बच्ची का इलाज जारी है लेकिन वह अभी भी सदमे में है। पीड़ित परिवार और इलाके के लोगों में नगर निगम के खिलाफ भारी रोष है। चंदन ने प्रशासन से अपील की है कि इलाके के आवारा कुत्तों को तुरंत पकड़ा जाए। खूंखार हो चुके इन कुत्तों को शहर के नए बने शेल्टर होम में शिफ्ट किया जाए। प्रशासन जाग जाए ताकि कल को कोई और मासूम इन आदमखोर कुत्तों का शिकार न बने।