अमृतसरः सोशल मीडिया से रातो-रात बनी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) आज विरोध-प्रदर्शन किया। पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके दोपहर को गोल्डन टेंपल पहुंचे। इसके बाद वह कार से गोल्डन गेट आए, जहां प्रदर्शन के लिए भीड़ जुटी। इसके बाद अभिजीत ने कहा कि यहां पुणे और दिल्ली से भी बड़ा प्रदर्शन होगा।
अभिजीत दीपके के नेतृत्व में अमृतसर के गोल्डन गेट पर विरोध-प्रदर्शन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं और छात्रों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शन के दौरान शिक्षा व्यवस्था में सुधार, परीक्षाओं में पारदर्शिता और पेपर लीक जैसी घटनाओं के लिए जवाबदेही तय करने की मांग की गई। उन्होंने कहा- मैं बिल्कुल टाइम पर यहां आया था, लेकिन मैं ट्रैफिक में फंस गया। यहां हमारे लिए कोई सिक्योरिटी नहीं है। न ही पुलिस ने हमें कोई स्पेशल एस्कॉर्ट दिया।
प्रदर्शन से पहले अभिजीत दीपके ने श्री दरबार साहिब में मत्था टेककर आशीर्वाद लिया और पंजाब के युवाओं को इस आंदोलन से जुड़ने का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी एक पार्टी या व्यक्ति के बारे में नहीं, बल्कि देश के लाखों छात्रों के भविष्य के बारे में है। उन्होंने दावा किया कि शिक्षा व्यवस्था में लगातार सामने आ रही खामियों के कारण छात्रों का भरोसा डगमगा रहा है। इस मौके पर पार्टी समर्थक कुलदीप सिंह ने कहा कि वे कई सालों से अलग-अलग सरकारों को आते-जाते देख रहे हैं, लेकिन आम लोगों की समस्याएं हल नहीं हो पाईं। उन्होंने आरोप लगाया कि देश का सिस्टम आम नागरिकों और युवाओं की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर रहा है, जिससे लोगों में निराशा बढ़ रही है।
वहीं, गुरदासपुर से प्रदर्शन में पहुंचे एक अन्य समर्थक ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में खामियों और परीक्षा पेपर लीक जैसी घटनाओं के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने NEET पेपर लीक मामले का जिक्र करते हुए शिक्षा मंत्री से जवाब मांगा। प्रदर्शन में शामिल एक अन्य युवा ने कहा कि वह इस आंदोलन का समर्थन इसलिए कर रहे हैं ताकि आने वाली पीढ़ी को उन समस्याओं का सामना न करना पड़े जिनका सामना आज के युवाओं को करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मेहनती छात्रों को न्याय मिलना चाहिए और सरकारों को शिक्षा व्यवस्था को और अधिक विश्वसनीय बनाने के लिए उचित कदम उठाने चाहिए।
