लुधियानाः टिब्बा रोड की बाबा नामदेव कॉलोनी में बच्चों के मामूली विवाद ने एक बड़े खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दरअसल, पड़ोसियों के बच्चों के बीच हुई कहासुनी के बाद एक पक्ष ने अपने साथियों को बुलाकर दूसरे परिवार पर तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में बच्चे के पिता और फूफा को बेरहमी से पीटा गया है। पूरी वारदात का एक लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक सरेआम बड़ी कृपाण (तलवार) लहराते हुए हमला करता नजर आ रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, बाबा नामदेव कॉलोनी में रहने वाले पड़ोसियों के बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद की शुरुआत एक 12 साल के बच्चे से जुड़ी है, जो 5वीं कक्षा में पढ़ता है।
View this post on Instagram
मंगलवार शाम करीब 4 बजे बच्चों की यह लड़ाई बड़ों के बीच पहुंच गई। आरोप है कि दूसरे पक्ष ने बात सुलझाने के बजाय रंजिश रख ली और वारदात को अंजाम देने के लिए साजिश रच डाली। पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने पहले बच्चे को किडनैप कर लिया और पास के पार्क में ले जाकर पीटा और फिर उन्होंने घर पर धावा बोल दिया। आरोपी अपने साथ ‘टोपी’ नाम के एक युवक और उसके यार-दोस्तों समेत करीब 5 अज्ञात हमलावरों को लेकर आए थे। इन सभी के हाथों में तेजधार हथियार और लाठियां थीं। आते ही इन लोगों ने परिवार पर हमला बोल दिया और घर के पुरुषों को निशाना बनाना शुरू कर दिया।
इस खूनी हमले में 32 वर्षीय इंदरभूषण पासवान और उनके साढ़ू (फूफा) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि इंदरभूषण स्टीम प्रेस (कपड़ों पर प्रेस करने) का काम करता है और वह ससुराल परिवार में आया हुआ था। हमलावरों ने आव देखा न ताव, घर में घुसकर इंदरभूषण और बच्चे के पिता पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। चीख-पुकार सुनकर जब तक लोग इकट्ठा हुए, तब तक आरोपी लहूलुहान करके फरार हो चुके थे। इस पूरी वारदात का एक लाइव वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जो इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर रहा है।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक हाथ में बड़ी कृपाण (तलवार) लेकर आता है और बिना किसी डर के परिवार पर हमला कर देता है। इस दौरान वहां मौजूद स्थानीय लोग और पड़ोसी उसे रोकने की कोशिश करते हैं और बीच-बचाव करते नजर आते हैं, लेकिन हमलावर के सिर पर खून सवार था। उसने किसी की एक न सुनी और हमला करने के बाद अपने साथियों सहित मौके से भाग निकला। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने लाइव वीडियो और बयानों के आधार पर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
