फिरोजपुरः गुरु हर साहाए में गुरु करम सिंह बस्ती के एक खाली प्लॉट में 28 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए। इस संबंध में जानकारी देते हुए सब डिवीजन गुरु हर साहाए के डी.एस.पी. तजिंदर पाल सिंह ने बताया कि उन्हें देर रात सूचना मिली कि गुरु करम सिंह बस्ती के एक खाली प्लॉट में एक व्यक्ति का शव पड़ा है।
सूचना मिलते ही वे तुरंत थाना प्रमुख जगदीप सिंह और अन्य पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड को भी मौके पर बुलाया गया। मृतक की पहचान प्रवीन सिंह पुत्र इकबाल सिंह, निवासी बोगीवाला मोहकमे के रूप में हुई है। डी.एस.पी. तजिंदर पाल सिंह ने कहा कि युवक की मौत कैसे हुई, इसके कारणों की जांच की जा रही है और पुलिस द्वारा मामले की गहनता से जांच जारी है।

