लुधियानाः त्यौहारी सीजन को लेकर सेहत विभाग भी एक्शन मोड में आ गया है। ऐसे में लगातार सेहत विभाग की टीम द्वारा मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों को लेकर कार्रवाई की जा रही है। इसी के साथ काफी मात्रा में सामान भी जब्त किया जा रहा है। वहीं आज सेहत विभाग की टीम ने जालंधर बाईपास के पास स्थित सॉस फैक्टरी में रेड की। विभाग की टीम को फैक्टरी में काफी खामियां मिली। ऐसे में विभाग के अधिकारियों ने फैक्टरी में पाई गई खामियों को लेकर भारी मात्रा में सामान जब्त किया।
फैक्टरी संचालक सुरजीत कुमार ठाकुर का कहना है कि डेढ साल से वह काम कर रहे है। फैक्टरी में मुरब्बा और सॉस बनाने का काम किया जाता है। फैक्टरी संचालक का कहना है कि उसके हिसाब से कोई खामी नहीं पाई गई। जब उनसे लोगों की सेहत से खिलवाड़ को लेकर पूछा गया तो उन्होंने कहाकि ऐसा कुछ भी नहीं है। फैक्टरी मालिक के अनुसार अभी तक अधिकारी ने कार्रवाई को लेकर कुछ नहीं बताया। दूसरी ओर, छापेमारी के दौरान, अधिकारियों को मौके से बड़ी मात्रा में सॉस और इसे बनाने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री बरामद की है। अधिकारियों के अनुसार, मौके से मिली सॉस की गुणवत्ता संदिग्ध पाई गई, जिसके बाद विभाग की ओर से सैंपल भरे हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि प्रारंभिक जांच के दौरान, यह पता चला है कि कथित सॉस उत्तर प्रदेश और हरियाणा से लाई गई थी और उसे बोतल में डालकर अपना लेबल लगाकर बेचा जा रहा था। संदेह है कि इसे यहां बनाया गया और आगे आपूर्ति की गई। वहीं मुरब्बे के डिब्बे पर कोई लेबल नहीं लगा हुआ है। ऐसे में देखा जा सकता है कि उस पर कोई एक्सापयर तारीख भी नहीं लिखी हुई है। अधिकारी के अनुसार मुरब्बा सही हालत में नहीं है। इस पर अपना लेबल लगाकर नई तारीख की पर्ची लगाकर इसे बाजार में बेचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि त्यौहारी सीजन पर डिमांड होने के कारण बाहर से मंगवाया जाता है और उस पर अपना मार्का लगाकर इसे बेचा जा रहा है। ऐसे में फैक्टरी का चालान काटा गया है।
अधिकारियों ने 3 नमूने ले लिए हैं और उन्हें जांच के लिए भेज दिया है। वहीं सामान को सील कर दिया गया है। ऐसे में वह रिपोर्ट आने तक सामान को बेच नहीं सकते। 200 पेटी सॉस की बरामद की गई है, इसी के साथ अन्य सामान को जब्त किया गया है। नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि सॉस में किन अवयवों का उपयोग किया गया था और यह मानव स्वास्थ्य के लिए कितना हानिकारक है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों को देखते हुए विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर भी कई सवाल उठ रहे हैं।