मोहालीः लांडरां-बनूड़ मार्ग पर ट्रक और बाइक की टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में बीटेक के एक छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान हर्ष, निवासी सोनीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है। वहीं घटना ने साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लिया गया और घायल छात्र को उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया गया। मिली जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल आगे चल रहे एक ट्रक से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में बाइक चला रहे छात्र की मौके पर ही मौत हो गई।
हर्ष लांडरां के पास झंझेरी स्थित एक निजी काॅलेज में बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। हादसे में घायल उसका साथी भी उसी काॅलेज का छात्र है। उसे पहले नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए मोहाली के निजी अस्पताल में रेफर किया गया। डाक्टरों के मुताबिक उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। पुलिस चौकी इंचार्ज बरमा सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया हैं। ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।