अमृतसरः देहात में हल्का मजीठा के खासा पट्टी इलाके में आज पुलिस और नगर परिषद ने कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी से जुड़े एक परिवार की संपत्ति पर बुलडोजर चलाया। यह कार्रवाई पुलिस प्रशासन, नगर परिषद और ड्यूटी मजिस्टेट की मौजूदगी में की गई। मौके पर भारी पुलिस फ़ोर्स तैनात रही ताकि किसी भी तरह की अनचाही घटना से बचा जा सके। मीडिया से बात करते हुए एसएसपी दिहाती सुहेल मीर ने बताया कि यह कार्रवाई मजिठा के वार्ड नंबर 4 में की गई है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद द्वारा पहले ही इस संपत्ति को अवैध रूप से निर्मित प्रॉपर्टी के रूप में चिह्नित किया गया था।
इसके बाद संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर स्वयं ध्वस्तीकरण करने के लिए कहा गया था, पर जब उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की तो प्रशासन ने खुद यह कदम उठाया। एसएसपी ने बताया कि इस घर में सुनील और उसका भाई करन उर्फ कन्नू रहते थे। सुनील के खिलाफ हरियाणा में यूएपीए एक्ट के तहत मामला दर्ज है और वह फिलहाल जेल में बंद है। इसके अलावा करन उर्फ कन्नू के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पांच मामले दर्ज हैं, जिनमें वाणिज्यिक मात्रा में नशीले पदार्थों के मामलों भी शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की “नशे के खिलाफ युद्ध” मुहिम के तहत ऐसी कार्रवाइयां लगातार जारी रहेंगी। मजिठा इलाके में यह पहली बार है जब किसी नशा तस्कर से जुड़ी संपत्ति पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि अन्य कई संपत्तियों की जांच और दस्तावेज़ीकरण प्रक्रिया भी जारी है और जहाँ भी अवैध निर्माण या कब्जा मिलेगा, वहाँ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी सुहेल मीर ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई सिर्फ अवैध निर्माण के आधार पर की गई है। उन्होंने कहा कि जब कोई इमारत बिना अनुमति या नियमों का उल्लंघन करके बनाई जाती है तो संबंधित विभाग पहले नोटिस जारी करता है और बाद में पुलिस सुरक्षा के तहत ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाती है।
