अमृतसरः मकबूलपुरा इलाके में नशा तस्कर से जुड़े कथित परिवार के घर पर नगर निगम द्वारा कार्रवाई करते मकान को धवस्त किया गया। घटना के दौरान मौके पर पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर स्वयं मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि सरकार और पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई है। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि यह परिवार लंबे समय से नशा तस्करी के मामलों में शामिल रहा है। परिवार की मुखिया 66 साल की महिला इस समय जेल में है और उन पर 11 FIR दर्ज हैं। उनकी बेटी और अन्य परिवारिक सदस्यों के खिलाफ भी विभिन्न मामले दर्ज हैं और कई सदस्य फिलहाल जेल में हैं।
उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से समाज को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि अवैध कमाई से बनी संपत्ति का यही अंजाम होता है। कानून की पहुँच लंबी है और कोई भी दोषी बच नहीं सकता। मकबूलपुरा जैसे प्रभावित इलाकों में यह कार्रवाई जारी रहेंगी। सीपी भुल्लर ने बताया कि 1 जनवरी 2026 से अब तक अमृतसर कमिशनरेट पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत 634 केस दर्ज किए हैं। 81 तस्कर गिरफ्तार किए गए हैं।
40 किलो से अधिक हेरोइन, 8 किलो अफीम, मेथाम्फेटामाइन (आइस), कैप्सूल, ड्रग मनी और वाहन बरामद किए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नशा मुक्ति अभियानों के अंतर्गत 5000 से अधिक नशा पीड़ितों को डी-एडिक्शन सेंटर्स में दाखिल कराया गया है। 64ए के तहत इलाज के लिए भी कई लोगों को अवसर दिया गया है। पुलिस कमिश्नर ने लोगों से अपील की कि नशे संबंधित जानकारी गुप्त रूप से पुलिस के साथ सांझा करें और नशे के आदी लोगों को अपराधी मानकर नहीं, बल्कि रोगी समझकर इलाज के लिए आगे लाया जाए।
