गुरदासपुर : स्थानीय पुलिस ने केंद्रीय एजेंसी के साथ मिलकर सीमा पार से हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर 6 पिस्तौल जिनमें एक 9MM बेरेटा और एक 9MM ग्लॉक शामिल है और जिंदा कारतूस बरामद किए है। आरोपियों की पहचान सुखविंदर सिंह उर्फ सुखा निवासी अलुना, करण कुमार निवासी भाऊपुर अफगाना, बलराज सिंह उर्फ बुरी निवासी बसंतकोट, अमरीक सिंह उर्फ सोनू निवासी जोरिया कलां, डेरा बाबा नानक और मंजिंदर सिंह उर्फ मांगू निवासी उपल के रूप में हुई है। हथियारों के अलावा पुलिस ने महिंद्रा स्कॉर्पियो कार नंबर PB 06 BP 3908 भी ज़ब्त कर ली है।
DGP गौरव यादव ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि हथियारों और गोला-बारूद की खेप सीमा पार से ड्रोन के ज़रिए तस्करी करके लाई गई थी। इस नेटवर्क के पिछले और अगले संपर्कों का पता लगाने और सीमा पार से हथियारों की तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।
ऑपरेशन की जानकारी देते हुए SSP आदित्य ने बताया कि स्पेशल ब्रांच, डोरंगला पुलिस स्टेशन और बहरामपुर पुलिस स्टेशन की पुलिस टीम ने नूरपुर थेह गाँव के चौराहे पर एक महिंद्रा स्कॉर्पियो खड़ी देखी। गाड़ी के बाहर दो लोग बैठे थे और तीन लोग अंदर बैठे थे। पुलिस टीम को देखते ही ड्राइवर तेज़ी से गाड़ी लेकर भागने लगा। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर मौजूद दो लोगों को पकड़ लिया।
SSP ने बताया कि पुलिस टीम ने स्कॉर्पियो कार का पीछा किया और कलानौर पुलिस स्टेशन इलाके में उसे रोक लिया, जिससे गैंगस्टर बलराज सिंह उर्फ़ बुरी बसंतकोटिया और उसके दो साथी सवार थे। आरोपियों के पास से कुल छह पिस्तौल, मैगज़ीन और 49 ज़िंदा कारतूस बरामद किए गए। आरोपी बलराज उर्फ़ बुरी बसंतकोटिया एक कुख्यात अपराधी है। जिस पर हत्या, हत्या की कोशिश, आर्म्स एक्ट और NDPS एक्ट के तहत 26 FIR दर्ज हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों के ऊपर डोरंगला पुलिस स्टेशन में आर्म्स एक्ट की धारा 25(8) और 27 के तहत FIR दर्ज की गई है।