गुरदासपुरः जिले के काहनूवान ब्लॉक के गांव राजू बेला के पास जब दो बच्चों की मां प्रभजोत कौर ने ब्यास नदी के पुल से छलांग लगा दिया। मिली जानकारी के अनुसार प्रभजोत कौर, गुरनाम सिंह की पत्नी हैं और बताया जा रहा है कि उनके पति भारतीय सेना में जवान हैं। परिजनों और गांव के पूर्व सरपंच भगवंत सिंह व मौजूदा सरपंच मनजिंदर सिंह के अनुसार, प्रभजोत कौर शनिवार सुबह करीब 10 बजे मोपेड लेकर घर से निकली थीं।
बताया जा रहा है कि प्रभजोत कौर ब्यास नदी के पुल के पास पहुंचीं। वहां उन्होंने अपनी मोपेड किनारे खड़ी की और कथित तौर पर पुल से नदी में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और गांव के लोग मौके पर पहुंचे।
गोताखोरों की टीम कर रही तलाश
मामला मुकेरियां पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है और उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पूर्व सरपंच भगवंत सिंह ने बताया कि प्रभजोत कौर की तलाश के लिए होशियारपुर से गोताखोरों की टीम भी पहुंच रही है। गोताखोर ब्यास नदी में महिला की तलाश कर रहे हैं।
वहीं, प्रभजोत कौर की मां हरप्रीत कौर और परिवार के अन्य सदस्यों का कहना है कि उसका किसी के साथ कोई विवाद या झगड़ा नहीं था। परिवार के मुताबिक, उन्हें समझ नहीं आ रहा कि प्रभजोत कौर ने ऐसा कदम क्यों उठाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और ब्यास नदी में महिला की तलाश जारी है।