शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के दूरदर्शी नेतृत्व में राज्य सरकार आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता, कृषि उपज की खरीद, उपभोक्ता सेवाएं तथा विभिन्न विभागों को आवश्यक सामग्री की समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित कर रही है। राज्य नागरिक आपूर्ति निगम इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। बीते 46 वर्षों से निगम द्वारा प्रदेशवासियों को आवश्यक वस्तुओं एवं सेवाओं की निरंतर आपूर्ति की जा रही है।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के माध्यम से उपभोक्ताओं को चावल, आटा तथा अन्य खाद्य वस्तुएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। प्रदेश के लगभग 19.42 लाख राशन कार्ड धारकों को प्रत्येक माह सब्सिडी युक्त खाद्य तेल, नमक और दालें उपलब्ध करवाई जा रही हैं। राज्य सरकार द्वारा कर्मचारियों के कल्याण के लिए भी विभिन्न योजनाएं लागू की जा रही हैं। कर्मचारी कल्याण कोष की स्थापना की गई है तथा निगम द्वारा कर्मचारियों को बोनस और एक्स-ग्रेशिया सहायता भी प्रदान की जा रही है।
निगम हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के होटलों को ई-ग्रेड गुणवत्ता का राशन, खाद्यान्न एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं, जिनका मूल्य 10 से 15 करोड़ रुपये है, की समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित कर रहा है। कठिन परिस्थितियों के दौरान सार्वजनिक आपूर्ति व्यवस्था महत्वपूर्ण मानवीय भूमिका भी निभाती है।हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के माध्यम से किया जा रहा यह कार्य खाद्य सुरक्षा को सुदृढ़ और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करने के प्रति राज्य सरकार की व्यापक प्रतिबद्धता को दर्शाता है।