E-rickshaw चालक पर शराब के नशे में धुत होने का लगा आरोप
लुधियानाः जिले के दिल्ली हाईवे पर दादा मोटर्स के समीप गंभीर सड़क दुर्घटना हो गया। जहां, एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने सामने से आ रही एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी भी तरह का कोई बड़ा जानी नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन दोनों गाड़ियां काफी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। हादसे का शिकार हुए कार चालक अभिनय गुप्ता ने बताया कि वह अपनी कार से टिब्बा रोड की तरफ बिल्कुल सामान्य गति से जा रहे थे। तभी सामने से (रॉन्ग साइड से) एक E-rickshaw फुल स्पीड में आया और उनकी गाड़ी में सीधी टक्कर मार दी।
अभिनय के अनुसार E-rickshaw चालक पूरी तरह से शराब के नशे में धुत था। इस हादसे में अभिनय की छाती पर मामूली चोटें आई हैं, लेकिन उनकी गाड़ी का काफी नुकसान हुआ है। गलती पूरी तरह से सामने वाले चालक की थी और पुलिस मौके पर पहुंच चुकी है। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एएसआई सुमन कुमार ने बताया कि उन्हें जैसे ही इस हादसे की सूचना मिली, पुलिस की टीम 5-7 मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंच गई।
एएसआई ने बताया कि यह हाईवे है और यहां से तेज गति से वाहन गुजरते हैं। टेंपो चालक ने शराब पी रखी थी और वह रॉन्ग साइड से आ रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ और दोनों गाड़ियों का नुकसान हुआ है। हादसे में टेंपो चालक को भी चोटें आई हैं, जिसे तुरंत 108 एंबुलेंस के जरिए इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में ले लिया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।