लुधियानाः जिले के जनता नगर इलाके में लुटेरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि बीती रात एक महिला को अपना शिकार बना लिया। मिली जानकारी के अनुसार बर्तन की दुकान चलाने वाली यह महिला अपने नौकर के साथ एक्टिवा पर घर लौट रही थी तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। यह पूरी घटना मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
महिला की जनता नगर में ही बर्तन की दुकान है। रात को जब वह दुकान बंद करके अपने नौकर के साथ निकली तो दुकान से महज 500 मीटर की दूरी पर ही लुटेरों ने उन्हें घेर लिया।
सीसीटीवी वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि चलती सड़क पर पीछे से आ रहे दो बाइक सवार बदमाशों ने महिला की एक्टिवा के आगे अपनी बाइक अड़ा दी। इसके बाद बाइक के पीछे बैठा युवक उतरा और उसने महिला को पकड़कर छीना-झपटी शुरू कर दी। इस दौरान महिला के नौकर ने मालकिन को बचाने की कोशिश की, लेकिन लुटेरों ने उसे डरा-धमका कर पीछे भगा दिया। बदमाश महिला का पर्स छीनकर फरार हो गए जिसमें उनका मोबाइल फोन और कैश मौजूद था।
मामले संबंधी जानकारी देते हुए थाना डिवीजन नंबर 6 के एसएचओ ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में आया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और पीड़ित महिला के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लुटेरों की तलाश की जा रही है।