पटियालाः पुलिस ने पंजाब में अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 15 पिस्टल और 50 कारतूस बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल निवासी गांव गढ़दीवाल, जिला होशियारपुर, सुभाष निवासी सीढेरी शीशगढ़, जिला बरेली, जिंदर उर्फ सागर निवासी गांव टल्ला, जिला होशियारपुर और बादल कुमार निवासी भार्गव कैंप, जालंधर के रूप में हुई है। एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि यह गिरोह नवांशहर के गैंगस्टर सोनू खत्री के इशारे पर पंजाब के विभिन्न इलाकों में हथियार पहुंचा रहा था। एससपी ने कहा आरोपी सोशल मीडिया के जरिए एप से जुड़े थे। इन युवकों को दिए गए निर्देशों के अनुसार वे पार्सल उठाकर सप्लाई करते थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि चारों आरोपी फ्लिपकार्ट डिलीवरी एजेंट जैसी वर्दी पहनकर सामान्य पार्सल वितरण करने वाले कर्मचारियों की तरह आवाजाही करते थे।हथियारों को भी डिलीवरी पार्सल जैसी पैकिंग में रखा जाता था, जिससे रास्ते में किसी को संदेह नहीं होता था। इसी तरीके का फायदा उठाकर गिरोह लंबे समय से अवैध हथियारों की सप्लाई कर रहा था। एसएसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान सामने आया है कि सभी आरोपी नवांशहर निवासी गैंगस्टर सोनू खत्री के संपर्क में थे। उसी के निर्देश पर यह गिरोह अलग-अलग स्थानों पर हथियार पहुंचाता था।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अब तक कितने हथियार सप्लाई किए गए और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं। पुलिस गिरोह के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है। यह भी जांच की जा रही है कि हथियार कहां से लाए जाते थे, किन लोगों तक पहुंचाए जाते थे और इस पूरे अवैध कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों का मानना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई और अहम खुलासे हो सकते हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

